पिरान कलियर में जमीअत उलेमा-ए-हिन्द की बैठक, मौलाना अरशद मदनी ने दिया भाईचारे और एकता का संदेश

पिरान कलियर में जमीअत उलेमा-ए-हिन्द की बैठक, मौलाना अरशद मदनी ने दिया भाईचारे और एकता का संदेश

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

रुड़की पिरान कलियर में जमीअत उलेमा-ए-हिन्द की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें देश में आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने पर जोर दिया गया। बैठक में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जमीअत उलेमा-ए-हिन्द के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना सय्यद अरशद मदनी ने समाज में प्रेम, मोहब्बत और इंसानियत को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मजबूत समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण केवल एकता और सौहार्द के मार्ग पर चलकर ही संभव है।

मौलाना मदनी ने कहा कि जमीअत उलेमा-ए-हिन्द का इतिहास हमेशा देश सेवा, इंसानियत और सामाजिक सद्भाव के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने जरूरतमंदों की मदद करने और समाज के कमजोर वर्गों के साथ खड़े रहने को हर इंसान का कर्तव्य बताया।

उन्होंने नबी-ए-पाक की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पड़ोसी चाहे किसी भी धर्म या समुदाय से हो, उसके साथ अच्छा व्यवहार करना और उसके अधिकारों का सम्मान करना आवश्यक है।

अपने संबोधन में उन्होंने लोगों से अपील की कि समाज में प्रेम, भाईचारा और आपसी विश्वास को बढ़ावा दिया जाए, क्योंकि यही एक मजबूत और विकसित राष्ट्र की पहचान है।

कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने मौलाना अरशद मदनी के संदेश का स्वागत किया और एकता, सद्भाव तथा इंसानियत के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

पिरान कलियर में आयोजित इस बैठक को सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। मौलाना मदनी ने अंत में लोगों से नफरत छोड़कर मोहब्बत और इंसानियत के रास्ते पर चलने की अपील की।