

स्थान : विकासनगर (देहरादून)
ब्यूरो रिपोर्ट


विकासनगर जन संघर्ष मोर्चा ने ग्राफिक एरा अस्पताल, धूलकोट (देहरादून) पर मरीजों से कथित लूटपाट और अनावश्यक ऑपरेशन कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले को लेकर मोर्चा ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकार वार्ता के दौरान आरोप लगाया कि अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को भय का माहौल बनाकर लाखों रुपये वसूले जा रहे हैं।


उन्होंने एक मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि ब्रेन हेमरेज के एक मरीज के परिजनों पर तत्काल ऑपरेशन के नाम पर करीब 25 लाख रुपये जमा कराने का दबाव बनाया गया, जबकि बाद में दूसरे विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह पर बिना ऑपरेशन के मरीज लगभग एक लाख रुपये के खर्च में स्वस्थ होकर घर लौट गया।

नेगी ने आरोप लगाया कि अस्पताल में कई मामलों में स्टेंट, वेंटिलेटर और दवाइयों के नाम पर अतिरिक्त धनराशि वसूली जाती है, जिससे मरीजों के परिजनों पर आर्थिक बोझ बढ़ जाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि बाहरी राज्यों से आने वाले मरीजों को विशेष रूप से आर्थिक शोषण का शिकार बनाया जा रहा है। इसके साथ ही आयुष्मान योजना के तहत इलाज में भी अनियमितताओं की आशंका जताई गई है।

मोर्चा ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन की इन कथित गतिविधियों से आम जनता में असुरक्षा और अविश्वास का माहौल पैदा हो रहा है। संगठन ने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।


रघुनाथ सिंह नेगी ने चेतावनी दी कि यदि इन कथित अनियमितताओं पर रोक नहीं लगाई गई तो जन संघर्ष मोर्चा आंदोलन करेगा और अस्पताल के खिलाफ उग्र प्रदर्शन कर ताला लगाने तक की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

