

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी


अल्मोड़ा जिले की रानीखेत तहसील के ताड़ीखेत विकासखंड अंतर्गत तितालीखेत क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सोनी-बिनसर मोटर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।


हादसे की सूचना मिलते ही राजस्व पुलिस, एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। दुर्घटनास्थल दुर्गम होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।



बचाव दल ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद खाई में गिरे दोनों शवों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए अपने कब्जे में लिया गया।


मृतकों में एक की पहचान हल्द्वानी के बिठौरिया नंबर-1 निवासी जीवन चंद्र जोशी पुत्र पूरन चंद्र जोशी के रूप में हुई है। वहीं दूसरे मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय रानीखेत भेज दिया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।



प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
प्रशासन ने लोगों से पर्वतीय मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के कारणों का खुलासा किया जाएगा।

