अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर खेल परिषद उपाध्यक्ष मोहन पाठक के कार्यालय का उद्घाटन

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर खेल परिषद उपाध्यक्ष मोहन पाठक के कार्यालय का उद्घाटन

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर उत्तराखंड राज्य खेल परिषद के उपाध्यक्ष (दर्जा राज्य मंत्री) मोहन पाठक के कार्यालय का विधिवत उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री एवं पद्मभूषण सम्मानित भगत सिंह कोश्यारी ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भगत सिंह कोश्यारी ने मोहन पाठक को उत्तराखंड आंदोलन से जुड़े एक सक्रिय और क्रांतिकारी युवा के रूप में याद किया। उन्होंने कहा कि मोहन पाठक ने छात्र जीवन से ही समाज और युवाओं के हितों के लिए लगातार संघर्ष किया है तथा जनसेवा को अपना लक्ष्य बनाया है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य खेल परिषद के उपाध्यक्ष के रूप में मोहन पाठक प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि खेलों के विकास के माध्यम से प्रदेश के समग्र विकास को भी नई दिशा मिलेगी।

दर्जा राज्य मंत्री मोहन पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की खेल संबंधी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी।

मोहन पाठक ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों को आवश्यक सुविधाएं और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित किया जाएगा।

कार्यक्रम को दर्जा राज्य मंत्री रेनू अधिकारी, राज्य मंत्री हुकुम सिंह कुंवर, दिनेश आर्य तथा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने मोहन पाठक को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके सामाजिक एवं जनसेवा से जुड़े कार्यों की सराहना की

वक्ताओं ने कहा कि मोहन पाठक लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों और छात्र हितों से जुड़े रहे हैं। उत्तराखंड राज्य आंदोलन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके कारण उन्हें जनता के बीच व्यापक सम्मान प्राप्त है।

इस अवसर पर विजयलक्ष्मी चौहान, चंदन बिष्ट, भवाली चेयरमैन पंकज कुमार, कैलाश तिवारी, देबाशीष बिरजवाशी, भिसंबर कांडपाल, जहीर अंसारी, जगमोहन बगड़वाल, लीला कांडपाल, योगेंद्र बिष्ट, दीपू नेगी, मोहित मिश्रा, सुरेंद्र रावत, तनमय रावत, जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त खेल उपनिदेशक सुरेश पांडे ने किया।