

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी


द्वाराहाट विकासखंड के बग्वालीपोखर क्षेत्र में तीन सूत्रीय मांगों को लेकर जिला पंचायत सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता भूपाल सिंह भंडारी का रामलीला मैदान में चल रहा आमरण अनशन सोमवार को पांचवें दिन समाप्त हो गया। उपजिलाधिकारी सुनील कुमार एवं भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट ने जूस पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया।


भूपाल सिंह भंडारी ने बांसुलीसेरा स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण, बग्वालीपोखर क्षेत्र में 108 एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने तथा आधार सेवा केंद्र खोले जाने की मांग को लेकर आमरण अनशन शुरू किया था। लंबे आंदोलन के बाद प्रशासन द्वारा कुछ मांगों पर सकारात्मक पहल किए जाने के बाद अनशन समाप्त किया गया।



जानकारी के अनुसार, आधार सेवा केंद्र खोलने की मांग पर सहमति बन गई है और इस दिशा में आवश्यक प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। वहीं अन्य दो प्रमुख मांगों पर भी प्रशासन ने आश्वासन दिया है।


बांसुलीसेरा स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण तथा क्षेत्र में 108 एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को स्वास्थ्य महानिदेशक को भेजे जाने का आश्वासन दिया गया है। इसके बाद भूपाल सिंह भंडारी ने अपना आमरण अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया।

इस आंदोलन को क्षेत्रीय जनता, विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों का व्यापक समर्थन मिला। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण अनशन स्थल पर पहुंचकर आंदोलन के प्रति एकजुटता व्यक्त करते रहे।

इससे पूर्व द्वाराहाट विधायक मदन बिष्ट भी अनशन स्थल पर पहुंचे थे और उन्होंने भंडारी की मांगों को उचित बताते हुए संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की थी। वहीं भाजपा नेता आशुतोष शाही ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए मांगों को जायज बताया।


मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुरोहित ने बताया कि स्वास्थ्य संबंधी मांगों का प्रस्ताव उच्च स्तर पर भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई शासन स्तर से की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भूपाल सिंह भंडारी लंबे समय से जनसमस्याओं को लेकर सक्रिय रहे हैं और उनका यह आंदोलन क्षेत्रीय विकास से जुड़ी आवश्यकताओं को उजागर करने में महत्वपूर्ण साबित हुआ है।

