मसूरी में जाम का झाम बरकरार, वीकेंड पर पर्यटकों की भीड़ से सड़कों पर रेंगते वाहन

मसूरी में जाम का झाम बरकरार, वीकेंड पर पर्यटकों की भीड़ से सड़कों पर रेंगते वाहन

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

पर्यटन नगरी मसूरी में वीकेंड के दौरान एक बार फिर भारी ट्रैफिक दबाव देखने को मिला, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। पर्यटकों की लगातार बढ़ती आमद के कारण प्रमुख मार्गों पर घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही।

दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा समेत उत्तराखंड और आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी पहुंच रहे हैं। इससे शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

सोमवार को स्थिति और अधिक गंभीर हो गई, जब लाइब्रेरी चौक से लेकर पिक्चर पैलेस तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान वाहन रेंगते नजर आए और यात्रियों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा।

पर्यटकों की भीड़ बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी रोजमर्रा के आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों ने घंटों जाम में फंसे रहने की शिकायत की है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि मसूरी में पर्यटन लगातार बढ़ रहा है, लेकिन इसके अनुपात में ट्रैफिक प्रबंधन और पार्किंग सुविधाओं का विस्तार नहीं किया गया है। यही कारण है कि हर वीकेंड पर शहर में जाम की स्थिति गंभीर हो जाती है।

लोगों का मानना है कि यदि समय रहते प्रभावी यातायात योजना और पार्किंग व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया, तो आने वाले समय में मसूरी की यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बढ़ती पर्यटक संख्या को देखते हुए ट्रैफिक प्रबंधन को मजबूत किया जाए और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि शहर में जाम की समस्या का स्थायी समाधान निकल सके।