NEET-UG 2026: निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने किया केंद्र का संयुक्त निरीक्षण

NEET-UG 2026: निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने किया केंद्र का संयुक्त निरीक्षण

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट

NEET-UG 2026 परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने प्रौद्योगिकी संस्थान कोठियालसैंण, गोपेश्वर स्थित परीक्षा केंद्र का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीयता प्रबंधन और प्रशासनिक तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने परीक्षा कक्षों, प्रवेश एवं निकास द्वारों, सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम, जैमर, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों तथा अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने सुनिश्चित किया कि परीक्षा केंद्र पर आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी मूलभूत सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध रहें। साथ ही सुरक्षा मानकों और निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि NEET-UG जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में पारदर्शिता और गोपनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रवेश एवं निकास द्वारों पर कड़ी चेकिंग, अभ्यर्थियों की सघन जांच तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि या अफवाह पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रशासन, पुलिस और परीक्षा से जुड़े सभी विभागों के समन्वय से परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाएगा।

इस अवसर पर निदेशक प्रौद्योगिकी संस्थान कोठियालसैंण डॉ. अमित अग्रवाल, एसडीएम चमोली राजकुमार पाण्डेय, पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।