नाबालिग बच्चों से मारपीट मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, वायरल वीडियो के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई

नाबालिग बच्चों से मारपीट मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, वायरल वीडियो के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट और क्रूरता का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में चार मासूम बच्चों को बेरहमी से पीटते हुए देखा गया था, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।

जानकारी के अनुसार मामला ग्राम दरियापुर का है, जहां कोल्ड ड्रिंक चोरी के शक में चार नाबालिग बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। वायरल वीडियो में बच्चों को लाठी-डंडों से पीटते हुए देखा गया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया।

वीडियो का संज्ञान लेते हुए हरिद्वार पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि ग्राम दरियापुर निवासी मेघराज और महावीर ने बच्चों पर चोरी का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट की थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने बच्चों को गलत तरीके से बंधक बनाकर रखा और उनके साथ क्रूरता की। इस घटना ने बाल अधिकारों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने मामले में पिरान कलियर थाने में किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम की धारा 75 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून को हाथ में लेने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है ताकि दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाई जा सके। घटना के बाद क्षेत्र में बच्चों की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता और चर्चा का माहौल बना हुआ है।