

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट


कांग्रेस नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता संदीप कुमार पटवाल ने थराली विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थराली की लचर व्यवस्थाओं को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की।


संदीप कुमार पटवाल ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली, थराली, देवाल और नारायणबगड़ विकासखंड के हजारों लोगों के लिए एकमात्र प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है। इसके बावजूद यहां मूलभूत चिकित्सा सुविधाओं का अभाव बना हुआ है, जिससे क्षेत्र की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।



उन्होंने बताया कि आपातकालीन परिस्थितियों में गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है। गंभीर मरीजों को तत्काल उच्च केंद्रों के लिए रेफर किया जा रहा है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों की मुश्किलें बढ़ रही हैं।


कांग्रेस नेता ने कहा कि पूर्व में जनप्रतिनिधियों द्वारा छह माह के भीतर सीएचसी थराली में अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीन की सुविधा उपलब्ध कराने का वादा किया गया था, लेकिन आज तक यह वादा धरातल पर नहीं उतर पाया है। उन्होंने इसे जनता के साथ किया गया छलावा बताया।

पटवाल ने कहा कि अल्ट्रासाउंड जांच करवाने के लिए गर्भवती महिलाओं को 150 से 200 किलोमीटर तक का सफर तय करना पड़ रहा है। वहीं, दुर्घटना या अन्य आपातकालीन मामलों में घायलों को तत्काल रेफर कर दिया जाता है, जिससे यह स्वास्थ्य केंद्र उपचार केंद्र की बजाय रेफर सेंटर बनकर रह गया है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बरसात का मौसम नजदीक है, लेकिन अस्पताल परिसर और भवन की सुरक्षा के लिए अब तक कोई सुरक्षात्मक कार्य नहीं किए गए हैं। उनके अनुसार यह सरकार और स्वास्थ्य विभाग की गंभीर लापरवाही का उदाहरण है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।


कांग्रेस नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार नहीं किया गया और जनता की मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन शुरू करने को मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाले हालात की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और सरकार की होगी।

