

स्थान : कोटद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


कोटद्वार क्षेत्र की जनता को सोमवार को बड़ी सौगात मिली। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने उत्तराखंड परिवहन निगम के कोटद्वार डिपो से एम्स ऋषिकेश और गोपेश्वर के लिए नई रोडवेज बस सेवाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने कहा कि राज्य सरकार आम जनता को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को एम्स ऋषिकेश पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब सीधी बस सेवा शुरू होने से मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी।



उन्होंने कहा कि यदि एम्स जाने वाले यात्रियों और मरीजों की संख्या में वृद्धि होती है तो भविष्य में अतिरिक्त बस सेवाएं भी संचालित की जाएंगी, ताकि लोगों को और बेहतर सुविधा मिल सके।


इस अवसर पर कोटद्वार के मेयर शैलेन्द्र रावत ने मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कोटद्वार को मिली यह नई बस सेवा क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मेयर ने कहा कि जनता की सुविधा के लिए निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं और भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।


नई बस सेवाओं के संचालन से कोटद्वार और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होने के साथ-साथ गोपेश्वर और अन्य पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा भी अधिक सुगम और सुविधाजनक हो सकेगी।



