

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट


मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित एक होम स्टे में ठहरी 27 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस, एंबुलेंस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी गई है।


पुलिस के अनुसार कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि टिपरीधार स्थित एक होम स्टे के कमरे में ठहरी महिला की हालत गंभीर है और वह कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही है। सूचना पर कोतवाली मसूरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस को बुलाया गया। एंबुलेंस में मौजूद फार्मासिस्ट द्वारा जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया गया।



मृतका की पहचान पी. राधा गायत्री (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने पति सौम्या श्रीचरण के साथ दिल्ली से घूमने के लिए उत्तराखंड आई थीं। दोनों 13 जून को दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचे थे और 14 जून की रात मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित होम स्टे में ठहरे थे।

पुलिस को दिए बयान में पति ने बताया कि दोनों ने रात में शराब का सेवन किया था और देर रात कमरे में सो गए थे। सुबह उठने पर उन्होंने अपनी पत्नी को अचेत अवस्था में पाया। पति के अनुसार महिला की नाक से रक्त निकला हुआ था और वह कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही थी।

सूचना पर फील्ड यूनिट की टीम और कार्यपालक मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए। कमरे से शराब की खाली बोतलें और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया है ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।



पुलिस के अनुसार मृतका और उसके पति का विवाह नवंबर 2025 में हुआ था और दोनों निजी आईटी कंपनियों में कार्यरत थे। घटना की सूचना मृतका और उसके पति के परिजनों को दे दी गई है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मृत्यु के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच के सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।

