स्थापना दिवस पर कैची धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दर्शन

स्थापना दिवस पर कैची धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दर्शन

स्थान : नैनीताल
रिपोर्टर : संजय जोशी

विश्व प्रसिद्ध कैची धाम में स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह 5 बजे से सायं आरती तक देश-विदेश से पहुंचे लगभग एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा नीम करोली महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। शाम की आरती में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

मेले के दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, आईजी निवेदिता कुकरेती तथा एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने मेला परिसर का निरीक्षण किया और बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

इस वर्ष जिला एवं पुलिस प्रशासन की व्यवस्थाओं को श्रद्धालुओं ने काफी सराहा। शटल सेवा के माध्यम से श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाया गया, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती चप्पे-चप्पे पर रही। एसएसपी मंजूनाथ टीसी स्वयं कैची धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं की कमान संभाले रहे।

मंदिर के पुजारी नवीन चंद्र जोशी ने बाबा नीम करोली महाराज से जुड़े अपने अनुभव श्रद्धालुओं के साथ साझा किए। स्थापना दिवस के अवसर पर जगह-जगह जलपान की व्यवस्था की गई तथा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को मालपुओं का प्रसाद वितरित किया गया।

धार्मिक आयोजनों के तहत मंदिर परिसर में सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आयोजन के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा।

मुख्य संवाददाता संजय जोशी ने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं के कारण श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा और पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।