दिनेशपुर में बेखौफ चोरों का आतंक, एक ही रात में तीन बसों से सैकड़ों लीटर डीजल चोरी

दिनेशपुर में बेखौफ चोरों का आतंक, एक ही रात में तीन बसों से सैकड़ों लीटर डीजल चोरी

स्थान : दिनेशपुर (उधम सिंह नगर)
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के दिनेशपुर से चोरी की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। बेखौफ चोरों ने पुलिस गश्त को चुनौती देते हुए एक ही रात में तीन बसों से सैकड़ों लीटर डीजल चोरी कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मामला दिनेशपुर थाना क्षेत्र के कालीनगर इलाके का है। यहां संचालित विश्वास ट्रैवल एजेंसी के मालिक ने रोज की तरह अपनी तीनों बसों को घर के आंगन में खड़ा किया था। देर रात अज्ञात चोर मौके पर पहुंचे और बसों के डीजल टैंकों के ताले तोड़कर उनमें भरा सैकड़ों लीटर डीजल निकाल ले गए।

सुबह जब बस मालिक उठे तो बसों के टैंकों के ताले टूटे मिले और डीजल गायब था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। घर के आंगन में खड़ी बसों से चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

पीड़ित बस स्वामी ने दिनेशपुर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। अब सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर कब तक इन शातिर तेल चोरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाता है।