मानसून के चलते पांच माह के लिए बंद हुआ ढिकाला जोन, 15 नवंबर से फिर खुलेगा पर्यटन

मानसून के चलते पांच माह के लिए बंद हुआ ढिकाला जोन, 15 नवंबर से फिर खुलेगा पर्यटन

स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के सबसे लोकप्रिय पर्यटन क्षेत्रों में शामिल ढिकाला जोन आज से अगले पांच महीनों के लिए बंद हो गया है। मानसून सीजन के दौरान पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कॉर्बेट प्रशासन ने 15 जून से 15 नवंबर तक ढिकाला जोन में पर्यटन गतिविधियों पर रोक लगा दी है। आज लौटने वाले पर्यटक इस सत्र के अंतिम पर्यटक होंगे, जिसके बाद जोन पूरी तरह बंद हो जाएगा।

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व का ढिकाला जोन अपनी प्राकृतिक सुंदरता, रामगंगा नदी के मनोरम दृश्यों, विशाल घास के मैदानों और वन्यजीवों की भरपूर मौजूदगी के कारण देश-विदेश के पर्यटकों की पहली पसंद माना जाता है। हर वर्ष बड़ी संख्या में प्रकृति प्रेमी और वन्यजीव फोटोग्राफर यहां पहुंचते हैं।

मानसून के दौरान बरसाती नालों में जलस्तर बढ़ने, कच्चे मार्गों के क्षतिग्रस्त होने तथा जलभराव की आशंका को देखते हुए प्रशासन द्वारा यह निर्णय लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, पर्यटकों की सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए ढिकाला जोन को अस्थायी रूप से बंद किया गया है।

हालांकि, मानसून अवधि में पर्यटक झिरना जोन, ढेला जोन और गार्जिया जोन में डे सफारी का आनंद ले सकेंगे। वहीं बिजरानी जोन 30 जून तक पर्यटकों के लिए खुला रहेगा।

कॉर्बेट प्रशासन ने बताया कि मानसून समाप्त होने और मार्गों की स्थिति सामान्य होने के बाद ढिकाला जोन को 15 नवंबर से दोबारा पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। इससे पहले जोन में आवश्यक मरम्मत और रखरखाव कार्य भी किए जाएंगे।