अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े ऑडियो विवाद में पूर्व विधायक सुरेश राठौर गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े ऑडियो विवाद में पूर्व विधायक सुरेश राठौर गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित ऑडियो विवाद मामले में उत्तराखंड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई देहरादून पुलिस द्वारा की गई, जिसमें डालनवाला थाना और एसओजी की संयुक्त टीम शामिल रही।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को हरिद्वार जनपद के बुग्गावाला क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। यह मामला उस ऑडियो क्लिप से जुड़ा है, जिसमें एक भाजपा नेता का नाम अंकिता भंडारी हत्याकांड से जोड़ने का आरोप लगाया गया था, जिससे विवाद काफी बढ़ गया था।

इस संबंध में एसएसपी देहरादून ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई जनवरी माह में दुष्यंत कुमार गौतम द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे के आधार पर की गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद सुरेश राठौर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

एसएसपी ने आगे कहा कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ भी जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की गहनता से जांच जारी है और सभी तथ्यों को स्पष्ट किया जा रहा है।