खटीमा स्लैटर हाउस टेंडर विवाद, स्थानीय लोगों ने अनियमितताओं के लगाए आरोप

खटीमा स्लैटर हाउस टेंडर विवाद, स्थानीय लोगों ने अनियमितताओं के लगाए आरोप

स्थान – खटीमा (उधम सिंह नगर)
रिपोर्ट – अशोक सरकार

खटीमा स्थित स्लैटर हाउस के टेंडर को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। लोगों ने साक्ष्य वीडियो के माध्यम से दावा किया है कि टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई है और इसे बाहरी ठेकेदार को दिए जाने से स्थानीय हित प्रभावित होंगे।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मौजूदा टेंडर को रद्द कर दोबारा प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए, ताकि इसका लाभ क्षेत्र के लोगों को मिल सके। आरोप है कि स्लैटर हाउस का ठेका उत्तराखंड से बाहर के ठेकेदार को दिया गया है, जिससे स्थानीय मांस आपूर्ति और मूल्य निर्धारण पर असर पड़ सकता है।

लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष मांस का रेट लगभग 250 रुपये प्रति किलो था, जिसे आधार मानकर नया रेट तय किया जाना चाहिए। वहीं आशंका जताई गई है कि नए टेंडर के तहत दर बढ़कर लगभग 360 रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकती है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।

स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि बाहरी ठेकेदार को कार्य दिए जाने से लगभग 80 प्रतिशत मांस बाहर भेजा जा सकता है, जबकि स्थानीय स्तर पर केवल 20 प्रतिशत आपूर्ति रह जाएगी। उनका कहना है कि यह खटीमा की जनता के हितों के खिलाफ है।

नागरिकों ने मांग की है कि टेंडर प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और इसे कुमाऊं क्षेत्र के समाचार पत्रों में पुनः प्रकाशित कर नए सिरे से प्रक्रिया शुरू की जाए। उनका तर्क है कि स्थानीय ठेकेदारों को अवसर मिलने से न केवल आपूर्ति संतुलित रहेगी बल्कि कीमतों पर भी नियंत्रण संभव होगा।

इसके साथ ही कुछ लोगों ने यह भी आशंका जताई है कि यदि नियमों का सही पालन नहीं हुआ तो क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। फिलहाल स्थानीय स्तर पर इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है और लोग प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।