

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


पटेलनगर क्षेत्र में हुए युवक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मामले में चौंकाने वाला तथ्य सामने रखा है। पुलिस ने मृतक के छोटे भाई को गिरफ्तार किया है, जिसने पारिवारिक विवाद और पुरानी रंजिश के चलते अपने ही बड़े भाई की गोली मारकर हत्या कर दी थी।


जानकारी के अनुसार, आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात हमलावर की झूठी कहानी भी गढ़ी थी, ताकि जांच को भटकाया जा सके। हालांकि पुलिस की गहन जांच और पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।


इस संबंध में एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि हत्या में प्रयुक्त 32 बोर की देशी पिस्टल भी आरोपी के कब्जे से बरामद कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पारिवारिक विवाद और आपसी रंजिश इस हत्या की मुख्य वजह रही। आरोपी द्वारा बनाई गई झूठी कहानी की परतें जांच में खुलती गईं, जिसके बाद पूरा सच सामने आ गया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


