स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड में बीते दिनों मौसम में आए बदलाव के बाद बारिश और तेज हवाओं के दौर से जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी, वहीं अब मौसम साफ होने के साथ ही एक बार फिर गर्मी का असर बढ़ने लगा है। जून की तपिश लोगों को फिर से परेशान करने लगी है।


इसी बीच मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों के लिए एक बार फिर चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक सीएस तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि अगले 24 घंटों के लिए कई जिलों में तेज हवाओं, बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।


अलर्ट के अनुसार चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जैसे पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने तथा हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। वहीं अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है।


मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, लेकिन धीरे-धीरे इसमें बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। आने वाले दिनों में तापमान में और अधिक वृद्धि होने की संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी का असर और तेज हो सकता है।


प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।


