स्थान : खटीमा
ब्यूरो रिपोर्ट


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृह नगर खटीमा प्रवास के दौरान सोमवार सुबह नगला तराई स्थित माता पूर्णागिरि मंदिर पहुंचकर स्वच्छता अभियान में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में साफ-सफाई कर श्रमदान किया और स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में रुद्राक्ष का पौधा भी रोपित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। धार्मिक स्थलों की स्वच्छता और संरक्षण हमारी संस्कृति, परंपराओं और आस्था से सीधे जुड़ा हुआ विषय है।



मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्रकृति के संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उनका कहना था कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए जनभागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों और जैव विविधता से समृद्ध राज्य है। राज्य सरकार हरित विकास, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा पौधारोपण को जनआंदोलन बनाने की अपील की।


कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के श्रमदान और पौधारोपण कार्यक्रम ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया।


