चुनावी तैयारियों में जुटा भाजपा महिला मोर्चा, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

चुनावी तैयारियों में जुटा भाजपा महिला मोर्चा, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

आगामी चुनावों को देखते हुए भाजपा महिला मोर्चा ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को देहरादून स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में महिला मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें चुनावी रणनीति और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट तथा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

बैठक के दौरान महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति तैयार की गई है। इसके तहत सबसे पहले सभी जिलों में बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिसके बाद प्रत्येक मंडल में कार्यक्रमों के संचालन और समन्वय के लिए एक महिला संयोजक की नियुक्ति की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 15 अगस्त तक सभी मंडलों में निर्धारित कार्यक्रमों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही जुलाई माह में प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में महिला सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से महिलाओं की भागीदारी और संगठन की पहुंच को और अधिक मजबूत किया जाएगा।

रुचि भट्ट ने कहा कि इन महिला सम्मेलनों में समाज के निर्माण और सेवा कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और आशा कार्यकत्रियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। इससे महिलाओं को सम्मान देने के साथ-साथ समाज में उनकी भूमिका को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

बैठक में संगठन विस्तार, महिला सशक्तिकरण और आगामी चुनावों को लेकर विभिन्न कार्यक्रमों की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। महिला मोर्चा ने स्पष्ट किया कि आगामी दिनों में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक सक्रिय बनाकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जोड़ा जाएगा।