

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट


नेपाल सीमा को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण लोहाघाट–पंचेश्वर सड़क पर बमनकुड़ा के पास सोमवार सुबह हुए भूस्खलन के कारण यातायात बाधित हो गया। पहाड़ी से भारी बोल्डर सड़क पर आ गिरने से मार्ग पूरी तरह बंद हो गया, जिसके चलते कई वाहन और यात्री रास्ते में फंस गए हैं।


जानकारी के अनुसार, सुबह अचानक हुए भूस्खलन के बाद सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर और मलबा आ गया, जिससे आवागमन ठप हो गया। सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


लोक निर्माण विभाग लोहाघाट के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर जेसीबी मशीन भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि सड़क पर गिरा बोल्डर काफी बड़ा है, जिसे हटाने के लिए ब्रेकर मशीन भी मौके पर भेजी जा रही है।


अधिशासी अभियंता ने बताया कि विभाग की टीमें लगातार सड़क खोलने के कार्य में जुटी हुई हैं और जल्द से जल्द यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मलबा और बोल्डर हटाने के बाद मार्ग को शीघ्र ही सुचारू कर दिया जाएगा।
फिलहाल सड़क बंद होने से पंचेश्वर और आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को इंतजार करना पड़ रहा है। प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं तथा सड़क खोलने के लिए युद्धस्तर पर कार्य जारी है।


