

लोकेशन -: नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट


बाबा नीम करौली बाबा के स्थापना दिवस के अवसर पर कैंची धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। सुबह से ही मंदिर परिसर के बाहर भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं और देशभर से पहुंचे श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए घंटों इंतजार कर रहे हैं।


श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। वंदना सिंह तथा प्रह्लाद नारायण मीणा लगातार व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।


भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एंबुलेंस के आवागमन के लिए अलग मार्ग निर्धारित किया है। वहीं पुलिसकर्मी बुजुर्ग, दिव्यांग और बीमार श्रद्धालुओं को प्राथमिकता के आधार पर दर्शन कराने में सहयोग करते हुए दिखाई दे रहे हैं।


मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए पुलिस, स्वयंसेवकों और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। जगह-जगह निगरानी और नियंत्रण की व्यवस्था भी की गई है।
बाबा के दर्शन कर बाहर निकल रहे श्रद्धालु जयकारों के साथ अपनी खुशी व्यक्त कर रहे हैं। कई भक्तों का कहना है कि बाबा नीम करौली के प्रति उनकी गहरी आस्था है और उनके दर्शन से मन को शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। कुछ श्रद्धालुओं ने बताया कि वे पिछले दो दिनों से कैंची धाम में रुककर बाबा के दर्शन की प्रतीक्षा कर रहे थे और दर्शन के बाद उनकी यात्रा सफल हो गई।


स्थापना दिवस के अवसर पर कैंची धाम में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। बाबा के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर है।



