

लोकेशन -: मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट


पर्यटन नगरी मसूरी में देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बाला हिसार रोड पर सामने से आ रहे वाहन को रास्ता देने के दौरान बैक की जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन चालक सामने से आ रही गाड़ी को साइड देने के लिए कार को पीछे कर रहा था। इसी दौरान कार चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। खाई में गिरी वैगनआर कार में सवार तीन महिलाएं और एक बच्चा घायल हो गए। रेस्क्यू टीम ने सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।


पुलिस के अनुसार, हादसा वाहन को बैक करते समय नियंत्रण खोने के कारण हुआ। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मामले की जानकारी देते हुए जगदीश पंत ने बताया कि बाला हिसार रोड पर एक वाहन बैक करते समय अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। वाहन में चार पर्यटक सवार थे, जिनमें तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। सभी को सुरक्षित रेस्क्यू कर अस्पताल भेज दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।


पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का विस्तृत परीक्षण किया जा रहा है। वहीं, प्रशासन ने पर्वतीय क्षेत्रों में वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और संकरे मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।



