

लोकेशन -: देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े विवाद में भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। देहरादून पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।


जानकारी के अनुसार, पुलिस ने पूर्व विधायक को हरिद्वार जनपद के बुग्गावाला क्षेत्र से हिरासत में लिया। फिलहाल पुलिस की ओर से गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है, हालांकि देर रात तक मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर तस्वीर साफ होने की संभावना जताई जा रही है।


यह मामला अभिनेत्री उर्मिला सनावर द्वारा जारी किए गए एक ऑडियो और लगाए गए हाई-प्रोफाइल आरोपों के बाद लंबे समय से चर्चा में बना हुआ है। मामले ने राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर व्यापक बहस को जन्म दिया था।


सूत्रों के अनुसार, एक वरिष्ठ भाजपा नेता की शिकायत के आधार पर दर्ज मुकदमे में पुलिस कार्रवाई कर रही है। हालांकि जांच की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारी फिलहाल मामले के तथ्यों और आरोपों पर खुलकर टिप्पणी करने से बच रहे हैं।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र सिंह डोभाल ने पूर्व विधायक को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले में विधिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।


पुलिस की कार्रवाई के बाद इस मामले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। देर रात तक होने वाली कानूनी प्रक्रिया और पुलिस के अगले कदमों से पूरे प्रकरण की दिशा स्पष्ट होने की उम्मीद है।



