

लोकेशन -: कैंची धाम/नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट


श्रद्धा और आस्था के प्रतीक माने जाने वाले संत नीम करोली बाबा के दर्शन के लिए रविवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देश के विभिन्न राज्यों से हजारों की संख्या में भक्त बाबा के दरबार में पहुंच रहे हैं।


मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।


भक्तजन बाबा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन भी जारी है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।


श्रद्धालुओं का कहना है कि नीम करोली बाबा के प्रति उनकी अटूट आस्था है और बाबा के दर्शन मात्र से उन्हें मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति होती है। कई भक्त दूर-दराज के राज्यों से लंबी यात्रा कर यहां पहुंचे हैं।

भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर प्रबंधन द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस बल, स्वयंसेवक और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, ताकि दर्शन प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित होती रहे।


आस्था के इस केंद्र पर लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या एक बार फिर बाबा नीम करोली के प्रति लोगों की गहरी श्रद्धा और विश्वास को दर्शाती है। मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तों का आगमन जारी रहा और जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा।



