रुद्रप्रयाग: देवरियाताल–चोपता ट्रेक पर भटके 5 पर्यटक, SDRF-DDRF ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

रुद्रप्रयाग: देवरियाताल–चोपता ट्रेक पर भटके 5 पर्यटक, SDRF-DDRF ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

स्थान : रुद्रप्रयाग
ब्यूरो रिपोर्ट

रुद्रप्रयाग के देवरियाताल–चोपता–बनियाकुण्ड ट्रेक मार्ग पर रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब रास्ता भटककर फंसे 5 पर्यटकों को जिला प्रशासन की रेस्क्यू टीमों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी पर्यटक पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, सुबह 06:10 बजे 112 नंबर पर साहिल कुमार द्वारा सूचना दी गई कि ट्रेकिंग मार्ग पर 5 लोग रास्ता भटक गए हैं। सूचना मिलते ही DDRF और SDRF की टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना कर दी गईं।

उन्होंने बताया कि सुबह 09:46 बजे DDRF के नरेन्द्र सिंह द्वारा पुष्टि की गई कि दोनों टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और सभी पांचों पर्यटक सुरक्षित मिल गए हैं। इसके बाद रेस्क्यू टीमों ने उन्हें सुरक्षित रूप से नीचे लाने की कार्रवाई शुरू की।

रेस्क्यू किए गए पर्यटकों में पुरूषोत्तम चौधरी (21, रायपुर छत्तीसगढ़), सचिन कुमार (23, मिजोरम), आलोक कुमार (22, दिल्ली), साहिल कुमार (22, पटना) और अभिजीत कुमार (22, बिहार) शामिल हैं।

सभी यात्रियों का सफल रेस्क्यू DDRF/आपदा मित्र (तहसील ऊखीमठ) एवं SDRF अगस्त्यमुनि की संयुक्त टीम द्वारा किया गया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने पर्यटकों और ट्रेकर्स से अपील की है कि पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान स्थानीय गाइड की मदद लें, मौसम की जानकारी अवश्य प्राप्त करें और बिना अनुमति या जानकारी के जोखिम भरे रास्तों पर न जाएं।