

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार


उधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र में आवारा पशुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार सुबह खटीमा मंडी परिसर में दो सांडों की आपसी भिड़ंत से अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों सांड सड़क पर ही एक-दूसरे से भीड़ गए और उनकी लड़ाई इतनी उग्र हो गई कि आसपास मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान मंडी परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।



भिड़ंत के दौरान दोनों सांडों ने सड़क किनारे खड़ी करीब एक दर्जन से अधिक बाइकों को गिरा दिया, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा एक कार को भी नुकसान पहुंचा है।


स्थानीय लोगों ने डंडों की मदद से सांडों को भगाने का प्रयास किया, लेकिन वे काफी देर तक नहीं हटे और उत्पात मचाते रहे। बाद में काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका।
इस पूरी घटना का वीडियो किसी स्थानीय व्यक्ति द्वारा बना लिया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों सांडों की आपसी भिड़ंत और वाहनों को नुकसान पहुंचाते हुए साफ देखा जा सकता है।

गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि भारी संपत्ति नुकसान हुआ है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली।


लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही सवाल उठाया जा रहा है कि इस तरह हुए नुकसान की भरपाई आखिर किसके द्वारा की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं, जिससे आमजन की सुरक्षा को गंभीर खतरा बना रहेगा।

