स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) ने अवैध प्लॉटिंग और अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर से देहात तक फैले कई स्थानों पर सख्त कदम उठाए हैं। इस कार्रवाई के बाद अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है।


प्राधिकरण की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में करीब 25 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को जेसीबी मशीनों की मदद से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। यह प्लॉटिंग कृषि भूमि पर नियमों को ताक पर रखकर की जा रही थी।



इसके साथ ही अन्नेकी गांव में चल रहे एक कमर्शियल निर्माण को भी मौके पर सील कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लॉटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


सूत्रों के अनुसार, इन अवैध निर्माणों और प्लॉटिंग के खिलाफ प्राधिकरण द्वारा पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे। इसके बावजूद संबंधित लोगों द्वारा कार्य जारी रखा गया, जिसके चलते सख्त कार्रवाई करनी पड़ी।


कार्रवाई के दौरान एचआरडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी के माध्यम से अवैध बाउंड्रीवाल, सड़क निर्माण और प्लॉटिंग साइट को ध्वस्त किया। साथ ही निर्माण सामग्री को भी हटाया गया।

प्राधिकरण अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्लॉट या संपत्ति की खरीद से पहले उसकी वैध स्वीकृति की जांच अवश्य करें।



इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों में भय का माहौल बन गया है, जबकि स्थानीय लोगों ने इसे नियमों के पालन और अवैध गतिविधियों पर रोक के लिए आवश्यक कदम बताया है।

