

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के गृह क्षेत्र नगरा तराई में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित भव्य मां पूर्णागिरी मंदिर का नवनिर्वाचित दर्जा राज्य मंत्री द्वारा विभागीय अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया गया। इस दौरान मंदिर निर्माण कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया गया।


निरीक्षण के दौरान ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के अधीक्षण अभियंता हितेश कुमार, शंकर धामी, भाजपा मंडल महामंत्री भुवन भट्ट सहित क्षेत्र के दर्जनों गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और मंदिर की भव्यता की सराहना की।



दर्जा राज्य मंत्री किशन सिंह किन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश में विकास कार्यों के साथ-साथ धर्म और संस्कृति के संरक्षण के लिए भी विशेष पहचान रखते हैं। उन्होंने कहा कि नगरा तराई में निर्मित यह मां पूर्णागिरी मंदिर उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण और भव्य उदाहरण है।


उन्होंने बताया कि मंदिर का स्वरूप अत्यंत आकर्षक है और यह आने वाले समय में श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से मां पूर्णागिरी धाम के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को अब खटीमा क्षेत्र में भी इस मंदिर के दर्शन का अवसर मिलेगा।

किन्ना ने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मंदिर भविष्य में धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

स्थानीय लोगों ने भी इस भव्य मंदिर को क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताते हुए कहा कि इससे नगरा तराई की पहचान और अधिक मजबूत होगी तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने से रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।



