रामनगर दिव्यांग विद्यालय में नौ वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत, जांच शुरू

रामनगर दिव्यांग विद्यालय में नौ वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत, जांच शुरू

स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

ग्राम बसई स्थित यूएसआर इंदु मान समिति द्वारा संचालित दिव्यांग विद्यालय में नौ वर्षीय दिव्यांग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय में रह रही नौ वर्षीय प्रज्ञा की शनिवार सुबह मौत हो गई। प्रज्ञा जसपुर के रायपुर गांव की रहने वाली थी और एक जून को उसका विद्यालय में प्रवेश कराया गया था।

मृतका की मां पूजा ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को बच्ची की तबीयत खराब थी, जिसकी जानकारी उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को दे दी थी। इसके बावजूद भी समय पर उचित उपचार और देखभाल नहीं की गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि रात के समय बच्ची की हालत बिगड़ने पर भी उन्हें इसकी सूचना नहीं दी गई।

शनिवार सुबह जब परिजनों को सूचना मिली तो वे तुरंत विद्यालय पहुंचे, जहां बच्ची को अचेत अवस्था में पाया गया। इसके बाद परिजन उसे संयुक्त चिकित्सालय रामनगर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने विद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय पर सही उपचार और सूचना दी जाती तो शायद बच्ची की जान बचाई जा सकती थी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विद्यालय प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है। प्रशासन ने कहा है कि जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।