सैनी समाज अपने खर्च पर लगाएगा महाराजा भागीरथ की मूर्ति

सैनी समाज अपने खर्च पर लगाएगा महाराजा भागीरथ की मूर्ति

स्थान : लक्सर
ब्यरो रिपोर्ट

भागीरथ विशाल सैनी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूराम सैनी के नेतृत्व में सैनी समाज ने ऐलान किया है कि भगवान महाराजा भागीरथ की मूर्ति लक्सर में समाज अपने संसाधनों और सहयोग से स्थापित करेगा। इसके लिए किसी राजनीतिक दल या नेता से आर्थिक सहायता नहीं ली जाएगी।

लक्सर में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष बाबूराम सैनी ने कहा कि सैनी समाज इतना सक्षम है कि वह अपने आराध्य महाराजा भागीरथ की मूर्ति स्वयं स्थापित कर सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मूर्ति स्थापना का पूरा खर्च समाज द्वारा वहन किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में मौजूद भागीरथ सेना से जुड़े नेताओं ने कहा कि महाराजा भागीरथ की मूर्ति समाज अपने धन से लगवाएगा और इस मुद्दे पर किसी भी प्रकार की राजनीतिक बयानबाजी या राजनीति उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई संस्था या प्रशासन क्षेत्र का सौंदर्यीकरण कराता है तो समाज को उससे कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन मूर्ति स्थापना का कार्य समाज स्वयं करेगा।

समाज के नेताओं ने कहा कि महाराजा भागीरथ सैनी समाज की आस्था और गौरव के प्रतीक हैं, इसलिए उनकी प्रतिमा स्थापना समाज के सहयोग और सहभागिता से ही की जाएगी।

प्रेस वार्ता में बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। इस दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि मूर्ति स्थापना की तिथि जल्द ही तय कर इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी।

समाज के लोगों ने एकजुट होकर इस कार्य को सफल बनाने का संकल्प भी लिया।