

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट


भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) देहरादून में शनिवार को आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड (पीओपी) का भव्य आगाज़ हो गया। चैटवुड भवन परिसर में कंपनी सार्जेंट मेजरों के पहुंचने के साथ ही परेड की औपचारिक शुरुआत हुई। इस गौरवशाली समारोह की मुख्य अतिथि एवं समीक्षा अधिकारी देश की राष्ट्रपति Droupadi Murmu द्रौपदी मुर्मू होंगी, जो परेड की सलामी लेंगी।


इस वर्ष कुल 515 अधिकारी कैडेट सैन्य जीवन की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। इनमें 481 भारतीय कैडेट तथा 16 मित्र देशों के 34 विदेशी कैडेट शामिल हैं। कठोर सैन्य प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ये युवा अधिकारी भारतीय सेना और मित्र देशों की सेनाओं में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालेंगे।



इस बार की पासिंग आउट परेड कई मायनों में ऐतिहासिक मानी जा रही है। पहली बार 9 महिला कैडेट्स भी पुरुष कैडेट्स के साथ कदमताल करते हुए परेड का हिस्सा बनी हैं। यह उपलब्धि भारतीय सैन्य इतिहास में महिला सशक्तिकरण और सेना में बढ़ती भागीदारी का प्रतीक मानी जा रही है।


अकादमी परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। कैडेट्स के परिजन और गणमान्य अतिथि इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में मौजूद हैं। परेड के समापन के साथ ही युवा कैडेट्स भारतीय सेना के अधिकारी के रूप में राष्ट्र सेवा के लिए तैयार हो जाएंगे।

आईएमए की यह पासिंग आउट परेड न केवल सैन्य परंपराओं का प्रतीक है, बल्कि देश के युवाओं के समर्पण, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का भी गौरवशाली उदाहरण प्रस्तुत करती है।


