


रिपोर्टर – (ललित जोशी-सहयोगी धर्मा चन्देल)
स्थान – नैनीताल

सरोवर नगरी नैनीताल में हुई प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेता मोहन पाल ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि राज्य में एक बार फिर से भाजपा अपनी सरकार बनाने जा रही है। इसके लिए पार्टी ने पूरी कार्य योजना तैयार कर ली है। भाजपा ने “घर-घर चलो गांव चलो” के तहत अपनी रणनीति को आगे बढ़ाने के लिये बैठक भी कर ली है। मोहन पाल ने भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए यशपाल आर्य और उनके पुत्र संजीव आर्य पर निशाना साधते हुए कहा कि पिता-पुत्र दोनों ही अवसरवादी व सत्ता लोभी हैं | लिहाजा उनके कांग्रेस में जाने से पार्टी को कोई नुकसान नही होने वाला है। मोहन पाल ने पिता पुत्र दोनों को मौका परस्त करार देते हुए कहा कि ऐसे नेताओं को जनता आगामी विधानसभा चुनावों में सबक सिखायेगी। नैनीताल विधानसभा से टिकट की मांग को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी जिसको भी टिकट देगी वह उसका पूरा समर्थन करेंगे और नैनीताल विधानसभा सीट में एक बार फिर से भाजपा का परचम लहराएंगे। उन्होंने कहा कि वे टिकट की दौड़ में शामिल है लेकिन अंतिम फैसला पार्टी का होगा और वह उन्हें मान्य होगा। इस दौरान वहां मंडल अध्यक्ष आनंद बिष्ट,अरविंद पडियार व हरीश भट्ट भी मौजूद रहे।



