

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग द्वारा अग्निवीर भर्ती योजना के विरोध में चलाया जा रहा राज्यव्यापी आंदोलन अब चौथे चरण तक पहुंच गया है। आंदोलन का नेतृत्व पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी कर रहे हैं।


कांग्रेस सैनिक प्रकोष्ठ के अनुसार 9 मई को आंदोलन का चौथा चरण पूरा हो गया, जबकि अंतिम पांचवां चरण जून महीने में रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में आयोजित किया जाएगा।

कर्नल राम रतन नेगी ने बताया कि आंदोलन का पहला चरण गढ़वाल मंडल के कोटद्वार, लैंसडौन, सतपुली, पौड़ी और श्रीनगर क्षेत्रों में आयोजित किया गया था। इस दौरान पूर्व सैनिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अग्निवीर योजना को लेकर विरोध प्रदर्शन किए।


उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में कुमाऊं मंडल के पीरूमदारा, रामनगर, रानीखेत, अल्मोड़ा और हल्द्वानी में आंदोलन आयोजित हुआ। यहां भी बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों और युवाओं ने भागीदारी की।
तीसरे चरण के तहत देहरादून, सहसपुर, विकासनगर, चकराता, बड़कोट, उत्तरकाशी, टिहरी, नरेंद्र नगर और मसूरी में विरोध कार्यक्रम आयोजित किए गए। आंदोलन के दौरान अग्निवीर योजना को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए गए।


वहीं चौथे चरण में खटीमा, चम्पावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में आंदोलन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि योजना युवाओं और सेना की पारंपरिक भर्ती व्यवस्था के लिए नुकसानदायक साबित हो रही है।


कांग्रेस सैनिक प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य युवाओं और पूर्व सैनिकों की आवाज को सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार अग्निवीर भर्ती योजना पर पुनर्विचार करे।

कर्नल राम रतन नेगी ने कहा कि जून में रुद्रप्रयाग और चमोली में आयोजित होने वाले अंतिम चरण के साथ यह राज्यव्यापी आंदोलन पूरा होगा। उन्होंने दावा किया कि आंदोलन को पूर्व सैनिकों और युवाओं का लगातार समर्थन मिल रहा है।

