

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी


मदरसन कंपनी से ड्यूटी खत्म कर लौट रही एक कर्मचारी युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के परिवार ने समय पर इलाज न मिलने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।


मृतका युवती की पहचान रिमझिम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ड्यूटी से लौटते समय वह अचानक सड़क पर गिर गई थी। पूरी घटना फैक्ट्री के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।


मृतका के पिता मनोहर लाल ने लालकुआं कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी बेटी को गिरने के बाद तुरंत नजदीकी अस्पताल नहीं ले जाया गया।


परिजनों का कहना है कि यदि समय पर उचित इलाज मिलता तो युवती की जान बचाई जा सकती थी। आरोप है कि जब तक रिमझिम को हल्द्वानी के बेस अस्पताल पहुंचाया गया, तब तक काफी देर हो चुकी थी।
तहरीर में मृतका के पिता ने यह भी आशंका जताई है कि युवती से संभवतः जबरन काम कराया गया होगा, जिसके कारण उसकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। उन्होंने पूरे मामले में फैक्ट्री प्रबंधन की भूमिका की जांच की मांग की है।


घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


पुलिस ने मामले में तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जाएगी।

वहीं फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से अभी तक मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

