रुद्रपुर में सरकारी जमीन पर अवैध मजार का मामला उजागर, प्रशासन ने किया निर्माण सीज

रुद्रपुर में सरकारी जमीन पर अवैध मजार का मामला उजागर, प्रशासन ने किया निर्माण सीज

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जा कर मजार बनाए जाने का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। शहर में सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान यह खुलासा हुआ।

रुद्रपुर के खेड़ा बस्ती क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान महापौर विकास शर्मा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान सरकारी भूमि पर बने एक मकान के भीतर अवैध रूप से मजार बनाए जाने की जानकारी सामने आई।

निरीक्षण के दौरान महापौर के साथ एडीएम पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे और नगर निगम व प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने चांद मस्जिद के पास नदी किनारे स्थित क्षेत्र का निरीक्षण किया।

जांच में पता चला कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान बनाया गया था और मकान के भीतर ही एक मजार का निर्माण किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर दस्तावेजों और स्थिति की जांच शुरू की।

पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि संबंधित व्यक्ति ने अपने पिता के निधन के बाद शव को घर के भीतर दफनाकर वहां मजार का स्वरूप दे दिया। साथ ही आरोप यह भी सामने आया कि सरकारी जमीन पर कब्जा कर आसपास कई लोगों को प्लॉट भी बेचे गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर विकास शर्मा ने तत्काल अवैध निर्माण को सीज करने और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासनिक टीम ने मौके पर सीलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी।

महापौर ने कहा कि सरकारी भूमि पर धार्मिक संरचना के नाम पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

वहीं एडीएम पंकज उपाध्याय ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सीज की गई अवैध संरचना को हटाने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाएगी।