सोमेश्वर महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव में पहुंचीं मंत्री रेखा आर्या, मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित

सोमेश्वर महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव में पहुंचीं मंत्री रेखा आर्या, मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : सोमेश्वर

रेखा आर्या हुकुम सिंह बोरा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सोमेश्वर में आयोजित वार्षिकोत्सव 2025-26 समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के तहत चयनित मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षण स्टाफ और स्थानीय जनप्रतिनिधि समारोह में मौजूद रहे।

अपने संबोधन में मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों की सूची में छात्राओं की बड़ी भागीदारी शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों की बढ़ती सफलता और आत्मविश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बालिकाओं की शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। प्रदेश सरकार भी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है।

मंत्री ने कहा कि छात्र जीवन केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं होना चाहिए। युवाओं में सामाजिक अनुशासन, समर्पण, मेहनत और देशभक्ति जैसे गुणों का विकास भी बेहद आवश्यक है, जिससे वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बन सकें।

रेखा आर्या ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में महाविद्यालय के विकास और सुविधाओं को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। जो कार्य अभी अधूरे हैं, उन्हें भी प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न गतिविधियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एके जोशी, जिला पंचायत सदस्य संतोष कुमार, कुंदन भंडारी, भुवन जोशी, खड़क सिंह नेगी, शंकर बिष्ट, कमल गिरी, धीरज जोशी, सुरेश बोरा, प्रो. कमला धौलाखंडी, डॉ. सीपी वर्मा, डॉ. कंचन वर्मा, डॉ. राकेश पांडे, डॉ. भावना, नीरज पांडे और छात्रसंघ अध्यक्ष सलोनी भंडारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।