

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जिलेभर में लगातार सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त अभियुक्तों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


इसी क्रम में डोईवाला कोतवाली पुलिस द्वारा गठित पुलिस टीम ने टोंगिया तिराहा दूधली रोड पर चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान काकू उर्फ जॉन निवासी केशवपुरी बस्ती डोईवाला के रूप में हुई है।

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 7.28 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया।


पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह स्वयं भी नशे का आदी है और स्थानीय नशेड़ियों से कम दामों में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में स्मैक खरीदता था। इसके बाद वह उसी स्मैक को अन्य नशेड़ियों को ऊंचे दामों में बेचकर मुनाफा कमाता था और उससे अपने नशे की जरूरतें पूरी करता था।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अभियुक्त पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है।


