

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

गर्मियों का सीजन शुरू होते ही बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए शहर में विभिन्न आयोजनों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में एचएन इंटर कॉलेज में पहली बार भव्य प्रदर्शनी एवं मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ गणेश पूजा और हवन के साथ किया गया।


प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की गई तथा विद्यालय परिसर में सुख-समृद्धि और आयोजन की सफलता की कामना की गई। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह नुमाइश विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को मंच देने और क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।


कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। विद्यालय परिवार ने क्षेत्रवासियों से प्रदर्शनी में पहुंचकर छात्रों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।


आयोजकों ने बताया कि प्रदर्शनी में बच्चों और अभिभावकों के लिए मनोरंजन के अनेक साधन उपलब्ध रहेंगे। मेले में विभिन्न प्रकार के झूले, जलपरी आकर्षण, फूड स्टॉल, पहाड़ी व्यंजन, फैशन एवं शॉपिंग स्टॉल सहित कई मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। खासतौर पर बच्चों के लिए मस्ती और मनोरंजन के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
आयोजकों के अनुसार प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन 18 मई को किया जाएगा, जिसके बाद आम जनता के लिए मेले को खोल दिया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन एवं आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित पहुंचकर मेले का आनंद लेने की अपील की है।


