घरेलू गैस नहीं मिलने पर युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास, बाजपुर में मचा हड़कंप

घरेलू गैस नहीं मिलने पर युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास, बाजपुर में मचा हड़कंप

स्थान : बाज़पुर
रिपोर्टर
: विशेष शर्मा

देशभर में घरेलू गैस की किल्लत की खबरों के बीच उधम सिंह नगर जिले के बाजपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां घरेलू गैस सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज एक युवक ने नगर के मुख्य भगत सिंह चौक पर आत्मदाह का प्रयास कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को आत्मघाती कदम उठाने से रोक लिया। पुलिस की सतर्कता और स्थानीय लोगों की समझदारी से एक बड़ा हादसा टल गया।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र निवासी पप्पू नामक उपभोक्ता यादव गैस एजेंसी से घरेलू गैस सिलेंडर नहीं मिलने से काफी परेशान था। उपभोक्ता का आरोप है कि उसकी गैस पर्ची कटने के बावजूद समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया गया।

गैस नहीं मिलने से नाराज युवक सीधे नगर के मुख्य भगत सिंह चौक पर पहुंच गया और आत्मदाह का प्रयास करने लगा। युवक की इस हरकत से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना के दौरान चौराहे पर भारी भीड़ जमा हो गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित हिरासत में लिया।

पुलिस युवक को कोतवाली लेकर गई, जहां काफी देर तक उसकी काउंसलिंग और समझाइश की गई। अधिकारियों ने युवक को शांत कराया और मामले की जानकारी ली।

युवक ने यादव गैस एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में गैस वितरण व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से व्यवस्था सुधारने की मांग की है।