उधम सिंह नगर जिला अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री, अव्यवस्थाओं पर अधिकारियों को लगाई फटकार

उधम सिंह नगर जिला अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री, अव्यवस्थाओं पर अधिकारियों को लगाई फटकार

स्थान : उधम सिंह नगर
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी संभालने के बाद लगातार एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने उधम सिंह नगर जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

स्वास्थ्य मंत्री के अचानक अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।

मरीजों ने मंत्री को बताया कि अस्पताल में दिए जाने वाले खाने की गुणवत्ता ठीक नहीं है और निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा है। इसके अलावा अस्पताल के टॉयलेट में गंदगी की भी शिकायत सामने आई।

शिकायतें सुनने के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए और अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था तुरंत सुधारी जाए।

मंत्री सुबोध उनियाल ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि पहली बार गलती होने पर उन्हें माफ किया जा रहा है, लेकिन भविष्य में ऐसी शिकायतें मिलने पर किसी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने आईसीयू सहित विभिन्न वार्डों का भी निरीक्षण किया और वहां मौजूद मरीजों तथा स्वास्थ्य कर्मियों से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान जिला अस्पताल के औषधि भंडार कक्ष में अनियमितताओं की आशंका भी सामने आई। स्वास्थ्य मंत्री ने भंडार कक्ष को तत्काल सील करने के आदेश दिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि औषधि भंडार में नकली दवाओं की आशंका के चलते जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही भंडार कक्ष को दोबारा खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।