लक्ष्मणझूला नीलकंठ मार्ग पर खतरनाक स्टंट, गंगा में छलांग लगाते पर्यटक का वीडियो वायरल

लक्ष्मणझूला नीलकंठ मार्ग पर खतरनाक स्टंट, गंगा में छलांग लगाते पर्यटक का वीडियो वायरल

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

लक्ष्मणझूला नीलकंठ मार्ग स्थित गरूड़ चट्टी गाटर पुल सुर्खियों में आ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि एक पर्यटक पुल से गंगा नदी में ऊंचाई से छलांग लगा रहा है, जिससे सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खुल गई है।

वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक किस तरह पुल से सीधे गंगा में कूद रहा है। यह खतरनाक स्टंट न केवल उसकी जान को जोखिम में डाल रहा है, बल्कि आसपास के पर्यटकों के लिए भी खतरे की घंटी है।

हैरत की बात यह है कि पुल के ठीक पास ही गरूड़ चट्टी पुलिस चौकी मौजूद है, जहां पुलिस बल तैनात रहता है। इसके बावजूद ऐसे खतरनाक स्टंट पर रोक नहीं लग पाई, जिससे प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों और पर्यटकों का कहना है कि पुल पर सुरक्षा और निगरानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। लोग चिंतित हैं कि अगर किसी की जान चली जाती है तो जिम्मेदारी किसकी होगी।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन की सुस्ती और सुरक्षा के प्रति उदासीनता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोग मांग कर रहे हैं कि पुल पर चेतावनी बोर्ड, सुरक्षाकर्मी और निगरानी कैमरों की व्यवस्था की जाए।

वहीं पुलिस ने बताया कि इस घटना की जांच की जा रही है और भविष्य में ऐसे खतरनाक स्टंट को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम जल्द उठाने का आश्वासन दिया गया है।