साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 33 रन से हराकर टी20 सीरीज अपने नाम की

साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 33 रन से हराकर टी20 सीरीज अपने नाम की

साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में 33 रन से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही प्रोटियाज टीम ने कीवी टीम के ऊपर सीरीज में अंतिम पकड़ बना ली।

क्राइस्टचर्च के हैगली ओवल में खेले गए मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 187 रन बनाए। टीम की शुरुआत औसत रही और चौथे ओवर में टोनी डी जोरजी 12 रन बनाकर LBW आउट हुए। इसके बाद वियान मुल्डर और रुबिन हरमन ने दूसरे विकेट के लिए 39 गेंदों में 55 रन की साझेदारी की। 11वें ओवर की पहली गेंद पर मुल्डर 31 रन बनाकर कैच आउट हुए।

चार नंबर पर उतरे विकेटकीपर-बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजेन ने तूफानी पारी खेलते हुए 33 गेंदों में 75 रन बनाए। उनकी इस पारी में 5 चौके और 6 छक्के शामिल थे। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्‍लेयर ऑफ द मैच और प्‍लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।

साउथ अफ्रीका की पारी में डियान फॉरेस्टर 21 रन और जेसन स्मिथ 1 रन नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की ओर से बेन सीयर्स ने 2 विकेट चटकाए।

188 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 154 रन ही बना सकी। बेवॉन जैकब्स ने सबसे अधिक 36 रन बनाए, जबकि कप्तान जेम्स नीशम ने 24 और डेन क्लीवर ने 22 रन जोड़े। टिम रॉबिन्सन 25 रन पर रन आउट हुए।

साउथ अफ्रीका की गेंदबाजी में गेराल्ड कोएत्जे ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने चार ओवर में केवल 21 रन खर्च कर 2 विकेट हासिल किए। वियान मुल्डर और ओटनील बार्टमैन को भी 2-2 विकेट मिले, जबकि कप्तान केशव महाराज ने 1 विकेट चटकाया।

इस जीत के साथ ही साउथ अफ्रीका ने पांच मैचों की टी20 सीरीज 3-2 से अपने नाम कर ली, जबकि न्यूजीलैंड ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल और इस सीरीज दोनों में हार का सामना किया।