
स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी

अल्मोड़ा में राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “जन-जन की सरकार 4 साल बेमिसाल” कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत जिला प्रशासन एवं खेल विभाग के तत्वावधान में जिला स्तरीय क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।


इस प्रतियोगिता में ओपन पुरुष एवं महिला वर्ग की दौड़ आयोजित की गई। पुरुष वर्ग की दौड़ चौघानपाटा से पुलिस लाइन तक आयोजित हुई, जबकि महिला वर्ग की दौड़ चौघानपाटा से करबला तक संपन्न कराई गई।

दौड़ का शुभारंभ मेयर अजय वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उत्साहवर्धन किया।


क्रॉस कंट्री दौड़ में लगभग 70 से 80 बालक-बालिकाओं और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया गया और निर्णायक मंडल द्वारा निष्पक्ष मूल्यांकन सुनिश्चित किया गया।
प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। ओपन पुरुष वर्ग में नितेश सिंह जीना ने प्रथम, आलोक भट्ट ने द्वितीय और जीवन बोरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।


वहीं महिला वर्ग में लता आर्या ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि गायत्री रावत द्वितीय और कोमल तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अलावा शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

मेयर अजय वर्मा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं में खेल भावना विकसित होती है और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिलती है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्य ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही।

