
स्थान : बाजपुर
रिपोर्टर : विशेष चंद्र शर्मा

जिले में घरेलू रसोई गैस की किल्लत ने आम जनता की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बाजपुर की इंडेन गैस एजेंसी के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें लगी हुई हैं, लोग कई घंटे इंतजार करने के बाद भी सिलेंडर लेने में असमर्थ हैं।


स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह 6 बजे से लाइन लगाकर खड़े हैं, लेकिन कई घंटों बाद भी उनका नंबर नहीं आया। कई लोगों का आरोप है कि जब वे एजेंसी पहुंचे तो कर्मचारी बंद कर भाग गए। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि उन्होंने कई दिनों की बुकिंग कर रखी थी, फिर भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिला।


जिले भर में गैस की कालाबाजारी पर भी प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। गदरपुर में कालाबाजारी के आरोप में आठ घरेलू सिलेंडर बरामद किए गए और जिले में तीन दर्जन गैस कालाबाजारियों पर कार्रवाई की गई।

जिला अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि गैस की किल्लत को कम करने और कालाबाजारी रोकने के लिए सभी कदम उठाए जाएं।

हालांकि प्रशासन की कोशिशों के बावजूद जिले भर में गोदामों और गैस एजेंसियों के बाहर भारी भीड़ देखने को मिल रही है। बाजपुर में आज सुबह शुरू हुई नोकझोंक और हंगामे ने स्थिति को और तनावपूर्ण बना दिया।
राज्य प्रशासन की ओर से दावा किया जा रहा है कि गैस की कोई किल्लत नहीं है, लेकिन धरातल पर लोगों की समस्याएं इसके विपरीत बयान दे रही हैं।


