
स्थान – नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

सरोवर नगरी नैनीताल में पुलिस प्रशासन के रवैये से नाराज व्यापारियों ने मल्लीताल कोतवाली का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस द्वारा उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है और जबरन दुकानों को बंद कराया जा रहा है।


प्रदर्शन के दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन सिंह नेगी ने कहा कि पुलिस रोज रात करीब 11 बजे दुकानों को बंद करवा रही है, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई आदेश नहीं है कि दुकानें केवल 11 बजे तक ही खुली रहें।


नेगी ने बताया कि पर्यटक स्थलों पर दुकानों को 24 घंटे तक खोलने की अनुमति से संबंधित शासनादेश मौजूद है। इसके बावजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा रात में आकर दुकानों को बंद कराया जा रहा है, जिससे व्यापारियों के साथ-साथ यहां आने वाले पर्यटकों को भी परेशानी हो रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि दुकानों को बंद कराने के दौरान कई बार पुलिसकर्मी व्यापारियों के साथ अभद्र व्यवहार भी करते हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति व्यापारियों के लिए अस्वीकार्य है और इसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा टैक्सी चालकों और होटल गाइडों के साथ भी बदसलूकी की जा रही है। उनका कहना है कि इससे पर्यटन कारोबार पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
किशन सिंह नेगी ने चेतावनी दी कि यदि व्यापारियों की मांगों पर जल्द ही कार्रवाई नहीं की गई, तो हर दिन कोतवाली में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की मनमानी जारी रही तो व्यापारी बाजार बंद करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

इस मौके पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष किशन सिंह नेगी, महिला उपाध्यक्ष भारती कैड़ा, रईस खान, पंकज टंडन, बबली, रुचिर शाह, अतुल शाह, सोनू बिष्ट, दिलशाद भाई सहित दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।

