
ब्यूरो रिपोर्ट

पंजाब के तरनतारन जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां ममोज़ और चाप खाने के बाद एक ही परिवार के दो मासूम भाई-बहन की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


मृत बच्चों की पहचान छह वर्षीय आरव और उसकी नौ वर्षीय बहन दानिका के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शनिवार शाम तक दोनों बच्चे बिल्कुल सामान्य थे और परिवार के साथ घर पर थे।

बताया जा रहा है कि बच्चों की जिद पर उनके पिता विशाल पास की एक रेहड़ी से ममोज़ और चाप लेकर आए थे। दोनों बच्चों ने रात करीब आठ बजे यह खाना खाया।

खाना खाने के लगभग दो घंटे बाद रात करीब दस बजे दोनों बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उल्टी और बेचैनी होने लगी, जिसके बाद घबराए परिजन तुरंत उन्हें डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे।
डॉक्टरों ने बच्चों का इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। तमाम कोशिशों के बावजूद दोनों बच्चों को बचाया नहीं जा सका और अस्पताल में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।

वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बच्चों की मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

