शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज

स्थान – रुद्रपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह रुद्रपुर की आदर्श कॉलोनी वार्ड नंबर 36 की निवासी है। उसके अनुसार रोहित कुमार नामक युवक से पिछले लगभग चार वर्षों से उसका प्रेम संबंध था।

पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान युवक ने उससे शादी करने का वादा किया था। इसी भरोसे पर दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवक ने कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

युवती का कहना है कि जब उसने युवक से शादी करने के लिए कहा, तो उसने अपने वादे से मुकरते हुए साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि अब युवक दूसरी लड़की से शादी करने की तैयारी कर रहा है।

मामले से आहत युवती ने कोतवाली रुद्रपुर पहुंचकर लिखित तहरीर दी और युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

कोतवाली पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।