
स्थान : डोईवाला

ब्यूरो रिपोर्ट

रानी पोखरी के लिस्ट्राबाद क्षेत्र में प्रस्तावित नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की स्थापना की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन शुक्रवार को 18वें दिन भी जारी रहा।

आंदोलनकारियों के समर्थन में कांग्रेस नेताओं ने धरना स्थल पर पहुंचकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने शुद्धि-बुद्धि के लिए यज्ञ भी किया।


कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा सरकार की नीतियों में विरोधाभास है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के एक मुख्यमंत्री ने रानी पोखरी में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के लिए शिलापट लगाकर शिलान्यास किया था। लेकिन उसी सरकार के दूसरे मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तावित यूनिवर्सिटी को स्थान बदलने और उस जमीन का अन्य प्रयोजन के लिए उपयोग करने का प्रयास किया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने इसे रानी पोखरी क्षेत्र की उपेक्षा बताते हुए विरोध किया। उनका कहना है कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से यूनिवर्सिटी की स्थापना की मांग कर रही है।

नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक यह मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने आंदोलन को शांतिपूर्ण और संवेदनशील तरीके से जारी रखने की बात कही।

स्थानीय लोग और छात्र भी आंदोलन में शामिल हैं और यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए सरकार पर दबाव बनाए रखने की रणनीति को लेकर आश्वस्त हैं।

