होली पर देहरादून में हादसे और झगड़ों से मची अफरा-तफरी

होली पर देहरादून में हादसे और झगड़ों से मची अफरा-तफरी

स्थान : देहरादून

ब्यूरो रिपोर्ट

होली के रंगों के बीच शहर में मस्ती के साथ-साथ हादसों और झगड़ों की घटनाएं भी दर्ज की गईं। होली की रात दून अस्पताल में सैकड़ों मरीज इलाज के लिए पहुंचे, जिनमें सड़क दुर्घटना, मारपीट और गिरने के मामले प्रमुख रहे।

अस्पताल के डीएमएस डॉ. एनएस बिष्ट ने बताया कि केवल होली से संबंधित मामलों में एक ही रात में लगभग 240 मरीज पहुंचे। इनमें 47 मरीज सड़क दुर्घटना (RTA) के, 47 मरीज मारपीट (Assault) के और 123 मरीज गिरने या नशे की हालत में चोट लगने के कारण अस्पताल पहुंचे।

इसके अलावा करीब 370 अन्य मरीज भी अस्पताल आए, जिनमें रंगों से एलर्जी, अधिक खाने-पीने के कारण पेट दर्द और अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याएं शामिल थीं।

डॉ. बिष्ट ने बताया कि इन सभी मामलों में से 44 मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया, जिनमें सड़क दुर्घटना के मरीजों की संख्या सबसे अधिक थी।

सड़क हादसों के चलते दो लोगों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया, जबकि कई अन्य मामूली चोटों के साथ इलाज के बाद घर लौट गए।

अस्पताल प्रशासन ने त्योहार के दौरान लोगों से सावधानी बरतने, नशे में वाहन न चलाने और सुरक्षित तरीके से होली खेलने की अपील की है।

अधिकारियों ने कहा कि त्योहार का आनंद लेने के साथ-साथ सुरक्षा का ध्यान रखना बेहद जरूरी है, ताकि हादसों और चोटों को रोका जा सके और सभी सुरक्षित तरीके से उत्सव मना सकें।